ज्वेलरी शॉप में डकैती की कोशिश! CCTV पर चिपकाया कागज, गैस कटर से काटा ताला, 2 नाबालिग समेत 5 पकड़े गए

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने पहुंचे बदमाशों ने ऐसी साजिश रची, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे को कागज चिपकाकर ढंक दिया और फिर गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काट दिया। हालांकि, उनकी कोशिश नाकाम रही और पुलिस ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।

पूरा मामला रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्थित सुरेश ज्वेलर्स का है। पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी।

जानकारी के मुताबिक, ज्वेलरी दुकान के संचालक सुरेश धीमन 13 नवंबर को दुकान बंद कर बाहर गए थे। 18 नवंबर को जब वे वापस लौटे तो दुकान की हालत देखकर हैरान रह गए। दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे पर कागज चिपका हुआ था और दुकान का ताला गैस कटर से कटा मिला।

इसके बाद दुकान संचालक ने पुलिस को शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस को खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने एक नाबालिग बालक और एक नाबालिग बालिका के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में डकैती की कोशिश करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया।

इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को पकड़ा है, जिनमें तीन आरोपी और दो नाबालिग शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट और चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया है।

शुरुआत में चोरी के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान डकैती के प्रयास से जुड़े साक्ष्य मिलने पर BNS की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है।

फिलहाल इस कार्रवाई के बाद पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *