सुखदेव भगत आज दुर्ग जिले में करेंगे कांग्रेस की बैठक, भूपेश बघेल से भी होगी मुलाकात; निकाय चुनाव की तैयारियों पर रहेगा फोकस

दुर्ग। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर AICC के छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत शुक्रवार को दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वे भिलाई-3, चरोदा और रिसाली में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक सुखदेव भगत दोपहर 1:30 बजे रायपुर से भिलाई-3 के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2 बजे वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:45 बजे चरोदा के मंगल भवन में बैठक करेंगे। इसमें भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

इसके बाद शाम 4 बजे भिलाई में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठकों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, स्थानीय स्तर पर पार्टी की स्थिति और नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।

दौरे के अंतिम कार्यक्रम के तहत सुखदेव भगत शाम 7:25 बजे दुर्ग रेलवे स्टेशन से ट्रेन नंबर 18642 के जरिए झारखंड के लिए रवाना होंगे।

इन बैठकों को दुर्ग जिले में कांग्रेस संगठन की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *