खरसिया मारपीट-चाकूबाजी का आरोपी फरार, 5 हजार रुपए का इनाम घोषित: विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर चाकू से किया था हमला, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में मारपीट और चाकूबाजी की घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी की पहचान फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25) के रूप में हुई है। रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने इनाम की घोषणा करते हुए कहा है कि आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी खरसिया के सिविल लाइन क्षेत्र का निवासी है। उसके खिलाफ खरसिया बस स्टैंड के पास एक युवक के साथ मारपीट करने और धारदार चाकू से हमला करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फैज खान घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

बस स्टैंड के पास हुआ था विवाद

मामला 31 अक्टूबर का है। खरसिया की पुरानी बस्ती निवासी ममता ठाकुर ने इस घटना को लेकर खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 31 अक्टूबर की दोपहर नया बस स्टैंड के पास ईशान पेशवानी, फैज खान और फहीम अख्तर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया।

इस दौरान ईशान पेशवानी ने फोन कर अपने परिचित अजय राजपूत को घटनास्थल पर बुलाया। अजय को जब विवाद की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचा। बताया गया कि अजय का उद्देश्य वहां चल रहे विवाद को शांत कराना और दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझाना था।

लेकिन विवाद शांत कराने की कोशिश के दौरान ही मामला और बिगड़ गया। शिकायत के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर फैज खान और फहीम अख्तर ने अजय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

जान बचाकर भागा तो आरोपियों ने किया पीछा

मारपीट के दौरान अजय राजपूत ने अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान फहीम अख्तर ने अजय को पकड़ लिया।

इसी बीच फैज खान ने अपने पास रखे धारदार चाकू से अजय पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

चाकूबाजी की इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की और उनकी तलाश में जुट गई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अब भी फरार

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरा आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25) अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके बावजूद आरोपी का पता नहीं चल पाने के कारण अब उसकी गिरफ्तारी में आम लोगों से भी सहयोग मांगा गया है।

SSP ने घोषित किया 5 हजार रुपए का इनाम

फरार आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में ऐसी विश्वसनीय जानकारी देगा, जिसके आधार पर उसकी गिरफ्तारी हो सके, उसे घोषित इनाम दिया जाएगा।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यानी लोग बिना अपनी पहचान सार्वजनिक किए भी पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी दे सकते हैं।

इनाम से संबंधित मामले में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम होगा।

पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर

पुलिस ने फरार आरोपी की सूचना देने के लिए अधिकारियों और पुलिस कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर जारी किए हैं। आम नागरिक इन नंबरों पर सीधे जानकारी दे सकते हैं।

  • DIG एवं SSP, रायगढ़: 9479193200

  • अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रायगढ़: 9479193201

  • SDOP, खरसिया: 9479193205

  • चौकी प्रभारी, खरसिया: 9479193228

  • पुलिस कंट्रोल रूम, रायगढ़: 9479193299

पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *