भारत-ब्रिटेन ट्रेड डील का असर: छत्तीसगढ़ में महंगी स्कॉच शराब हुई सस्ती, जॉनी वॉकर 18 साल के एक केस पर 4,990 रुपये घटे दाम

रायपुर। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर अब छत्तीसगढ़ में आयातित विदेशी शराब की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। ब्रिटेन से आने वाली स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क में कटौती के बाद राज्य में कई प्रीमियम विदेशी शराब ब्रांडों की कीमतों में कमी की गई है। खास बात यह है कि जॉनी वॉकर 18 साल के एक केस की कीमत में करीब 4,990 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, सिंगलटन 12 साल के एक केस की कीमत भी करीब 2,817 रुपये कम हुई है।

छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने 33 बीआईओ (Bottled In Origin) विदेशी शराब ब्रांडों की नई कीमतों को मंजूरी दी है। विभाग की पुरानी और नई मूल्य सूची की तुलना में कई महंगे विदेशी ब्रांडों की कीमतों में अंतर सामने आया है। इससे प्रीमियम स्कॉच व्हिस्की के शौकीनों को राहत मिलने की उम्मीद है।

जॉनी वॉकर 18 साल के केस पर 4,989 रुपये की कमी

नई मूल्य सूची के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 वर्ष (750 एमएल) की छह बोतलों वाले एक केस की अंतिम लैंडिंग कीमत में 4,989.60 रुपये की कमी आई है। इसी तरह सिंगलटन 12 वर्ष (700 एमएल) की छह बोतलों वाले एक केस की कीमत में 2,816.94 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।

वहीं, जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की नई अंतिम लैंडिंग कीमत 92,939.70 रुपये निर्धारित की गई है। यह प्रीमियम श्रेणी की विदेशी शराब है और इसकी कीमत में बदलाव को भी नई मूल्य सूची में शामिल किया गया है।

आयात शुल्क 150 से घटकर 75 प्रतिशत हुआ

भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता 15 जुलाई 2026 से लागू हुआ है। इस समझौते के तहत ब्रिटेन से आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर भारत में लगने वाला आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत कर दिया गया है।

इस समझौते के तहत आयात शुल्क को अगले दस वर्षों में चरणबद्ध तरीके से घटाकर 40 प्रतिशत तक लाने का प्रावधान बताया गया है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देना और आयात-निर्यात की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

छत्तीसगढ़ में 33 विदेशी शराब ब्रांडों को मंजूरी

छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने नई व्यवस्था के तहत 33 बीआईओ ब्रांडों की नई कीमतों को मंजूरी दी है। बीआईओ यानी बॉटल्ड इन ओरिजिन उन विदेशी शराब उत्पादों को कहा जाता है, जिन्हें उनके मूल देश में बोतलबंद करके भारत में आयात किया जाता है।

नई कीमतों में जॉनी वॉकर और सिंगलटन जैसे प्रीमियम ब्रांड शामिल हैं। पुरानी और नई मूल्य सूची के अंतर से स्पष्ट है कि आयात शुल्क में कटौती का असर विदेशी शराब की लागत पर पड़ा है।

क्या ग्राहकों को भी मिलेगा सस्ती शराब का फायदा?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आयात शुल्क में कमी का पूरा फायदा आम ग्राहकों तक पहुंचेगा या नहीं? दरअसल, आयात शुल्क कम होने से शराब की लैंडिंग लागत में कमी आती है, लेकिन इसका सीधा असर खुदरा दुकानों पर मिलने वाली कीमतों में कितना दिखाई देगा, यह राज्य की आबकारी नीति, खुदरा बिक्री व्यवस्था और वितरण लागत पर निर्भर करेगा।

ऐसे में नई कीमतों से प्रीमियम विदेशी शराब के बाजार में बदलाव की उम्मीद है। हालांकि, ग्राहकों को वास्तविक राहत कितनी मिलेगी, यह खुदरा बिक्री के लिए निर्धारित कीमतों से ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते का असर छत्तीसगढ़ के विदेशी शराब बाजार में दिखाई देने लगा है। जॉनी वॉकर 18 साल पर करीब 5 हजार रुपये और सिंगलटन 12 साल पर करीब 2,817 रुपये की कमी ने प्रीमियम शराब के बाजार में नई चर्चा छेड़ दी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *