वैशाली नगर में अब दूल्हा-दुल्हन को मुफ्त मिलेगी शेरवानी और लहंगा, विधायक रिकेश सेन ने शुरू की नई योजना

भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के मध्यम और निम्नवर्गीय परिवारों को शादी के खर्च से राहत देने के लिए विधायक रिकेश सेन ने एक अनूठी जनकल्याणकारी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत अब क्षेत्र के निवासियों को विवाह समारोह के लिए दूल्हे की शेरवानी और दुल्हन का लहंगा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

विधायक रिकेश सेन ने 15 नवंबर को इस योजना का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य शादी के दौरान परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना और उन्हें सम्मानपूर्वक विवाह समारोह संपन्न कराने में सहयोग देना है।

शादी के जरूरी कपड़े मिलेंगे मुफ्त

योजना के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के किसी भी परिवार में बेटे या बेटी का विवाह तय होने पर दूल्हे के लिए शेरवानी और दुल्हन के लिए लहंगा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से उन परिवारों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके लिए शादी का खर्च उठाना चुनौतीपूर्ण होता है।

22 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित

विधायक रिकेश सेन अब तक क्षेत्र में 22 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू कर चुके हैं। इनमें एक रुपए में डायलिसिस, एक्स-रे, सोनोग्राफी, पावर चश्मा, मोतियाबिंद ऑपरेशन, ब्राइडल मेकअप, मेहंदी, सैनिटरी नैपकिन, निःशुल्क ब्लड टेस्ट, हेलमेट वितरण और कंबल बैंक जैसी पहल शामिल हैं।

इसके अलावा श्रीराम रसोई और शक्ति एवं युवा भारत योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

नई विवाह परिधान योजना को भी इसी जनसेवा अभियान की एक कड़ी माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस पहल से क्षेत्र के कितने परिवारों को शादी के खर्च में राहत मिलती है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *