जगदलपुर के बाल संरक्षण गृह से 5 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागे; पुलिस तलाश में जुटी

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शासकीय बाल संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वृंदावन कॉलोनी स्थित बाल संरक्षण गृह (संप्रेषण गृह) से छोटी दिवाली के दिन पांच नाबालिग फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पांचों ने निर्माणाधीन भवन की खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल तोड़कर भागने का रास्ता बनाया।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बाल संरक्षण गृह में दीपावली की पूजा चल रही थी। स्टाफ और सुरक्षाकर्मी पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान पांचों नाबालिगों ने मौके का फायदा उठाया और निर्माणाधीन भवन की खिड़की से बाहर निकल गए।

पूजा समाप्त होने के बाद जब नाबालिगों की गिनती की गई, तब पांच के गायब होने का पता चला। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। शहर के बाहरी इलाकों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पांचों का कोई सुराग नहीं मिला था।

निर्माणाधीन हिस्से से निकले बाहर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भवन में निर्माण कार्य जारी होने के कारण संबंधित हिस्से में निगरानी कमजोर थी। इसी का फायदा उठाकर नाबालिगों ने खिड़की की ग्रिल तोड़ी और फरार हो गए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बाल संरक्षण गृह से पहले भी नाबालिगों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर परिसर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पांचों नाबालिगों की तलाश में जुटी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *