दुर्ग के पोटियाकला में पीलिया का प्रकोप! 6 दिन में मिले 9 मरीज, 286 घरों का सर्वे; पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे

दुर्ग शहर के पोटियाकला इलाके में पीलिया के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। 7 से 12 नवंबर के बीच क्षेत्र में पीलिया के 9 मरीज सामने आए हैं। इसके बाद संक्रमण के कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच और निगरानी तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 9 मरीजों में से एक का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 8 मरीज घर पर रहकर उपचार करा रहे हैं। सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई गई है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत नहीं हुई है।

12 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस्ती के 286 घरों का सर्वे किया। इस दौरान कोई नया मरीज नहीं मिला। स्वास्थ्यकर्मी और मितानिनें घर-घर जाकर लोगों से बीमारी के लक्षणों की जानकारी ले रही हैं।

वहीं, पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 4 अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। फिलहाल संक्रमण का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।

सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पानी उबालकर पीने, बाहर का खाना और सड़ी-गली सब्जियों से बचने की सलाह दी है। उल्टी, बुखार, थकान, भूख नहीं लगने या पेट दर्द जैसे लक्षण होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की गई है। अब सभी की नजर पानी की जांच रिपोर्ट पर है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *