आरंग को 11.69 करोड़ की सड़क सौगात, धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव तक 15.50 KM सड़क का होगा नवीनीकरण

आरंग। विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों से धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव तक 15.50 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 11 करोड़ 69 लाख 9 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है। वित्त विभाग की सहमति के बाद इस सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है। इसके तहत सड़क का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा।

इस परियोजना से धमनी, कोटनी पलौद, नवागांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क के सुदृढ़ होने से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आरंग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

निर्माण कार्य में तकनीकी एवं वित्तीय मापदंडों, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन किया जाएगा। तकनीकी स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य आगे बढ़ेगा।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *