जनता की सुरक्षा सर्वोपरि, विधायक रिकेश सेन ने सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम करने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

भिलाई नगर। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपनी शासकीय सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। विधायक ने अनुरोध किया है कि उनकी सुरक्षा में तैनात अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को वापस लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों की सुरक्षा में लगाया जाए।

विधायक रिकेश सेन ने अपने पत्र में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की कार्यशैली से प्रेरित होने का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का दायित्व सौंपा है और जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि उनकी सुरक्षा में तैनात शासकीय सुरक्षा कर्मियों की संख्या की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार कम की जाए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध पुलिस बल का उपयोग अपराध नियंत्रण, आम नागरिकों की सुरक्षा और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा सकता है।

पुलिस बल की उपलब्धता कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने की यह पहल सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शासन के निर्णय पर नजर

रिकेश सेन ने अपने पत्र की प्रतिलिपि भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष और पुलिस महानिरीक्षक को भी भेजी है। अब सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन एवं संबंधित एजेंसियों को इस अनुरोध पर निर्णय लेना है।

विधायक की इस पहल का उद्देश्य शासकीय सुरक्षा व्यवस्था में उपलब्ध मानव संसाधन का जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *