वैशाली नगर में 9.41 करोड़ के 49 विकास कार्यों को मंजूरी, सड़क-नाली से लेकर सामुदायिक भवनों तक होंगे निर्माण

वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में विकास कार्यों को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 9 करोड़ 41 लाख 48 हजार रुपये की लागत वाले 49 कार्यों को प्रशासकीय एवं अनुदान स्वीकृति प्रदान की है। विधायक रिकेश सेन के प्रस्ताव पर मिली इस स्वीकृति के तहत वार्ड क्रमांक 1 से 37 तक सड़क, नाली, डोम शेड, सामुदायिक भवन, मांगलिक भवन और उद्यानों के उन्नयन सहित विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे।


स्वीकृत कार्यों में सूर्या मॉल चौक के सामने चौक निर्माण, सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, नेहरू नगर और राधिका नगर में सीसी रोड व नाली निर्माण, सुपेला क्षेत्र में सामुदायिक भवन और डोम शेड, शांति नगर में सड़क व नाली निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक सुविधाओं का विकास शामिल है।


कैंप क्षेत्र के वार्ड-28 में बीएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड के समीप मांगलिक एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, शिवाजी नगर के वार्ड-33 और 34 में विभिन्न मार्गों के सीमेंटीकरण एवं सीसी रोड निर्माण के लिए 65 लाख रुपये तथा कैंप-2 तालाब में रिटेनिंग वॉल निर्माण के लिए 51 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।


जनता की जरूरतों को प्राथमिकता : रिकेश सेन


विधायक रिकेश सेन ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आवागमन को सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी के लिए नालियों के निर्माण और सामाजिक आयोजनों के लिए डोम शेड व सामुदायिक भवनों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि से वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे।


Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *