भिलाई में नौकरी लगाने के नाम पर 11 लाख की ठगी: बड़े अफसरों से पहचान का झांसा, रायपुर से आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में नौकरी लगाने के नाम पर करीब 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भिलाई नगर पुलिस ने मामले में रायपुर निवासी उमेश मानिकपुरी (45) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने बड़े अफसरों से जान-पहचान होने का दावा करते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके बदले शिकायतकर्ता से करीब 11 लाख रुपए लिए।

भिलाई नगर निवासी लहनेदास मासुलकर ने 25 अगस्त 2026 को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए। पुलिस ने जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 18 सितंबर को उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के लिए पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का रिमांड लिया। रिमांड के दौरान आरोपी से मामले और आर्थिक लेन-देन को लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी ने अन्य लोगों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनसे भी रकम ली थी। पुलिस इसकी जांच कर रही है। आरोपी का नाम नेवई क्षेत्र में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी के मामले से भी जुड़ने की जानकारी सामने आई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *