सुखदेव भगत बने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी, भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। कांग्रेस ने झारखंड के लोहरदगा से सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, प्रदेश के मौजूदा प्रभारी सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी पद से हटाकर अब असम का महासचिव प्रभारी बनाया गया है।पंजाब में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान का यह फैसला सामने आया है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके गुट के नेताओं ने भूपेश बघेल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। चन्नी गुट का आरोप था कि पंजाब की जमीनी स्थिति की सही जानकारी पार्टी हाईकमान तक नहीं पहुंचाई गई। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की दोबारा ताजपोशी को लेकर भी चन्नी गुट नाराज बताया जा रहा था। कांग्रेस के इस फेरबदल के बाद अब छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सुखदेव भगत के पास होगी। सुखदेव भगत झारखंड के लोहरदगा से कांग्रेस सांसद हैं। उनका जन्म 22 अक्टूबर 1960 को लोहरदगा में हुआ। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमए की पढ़ाई की है। राजनीति में आने से पहले वे राज्य प्रशासनिक सेवा में कार्यरत थे। वर्ष 2005 में उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर विधानसभा चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए।सुखदेव भगत झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। साल 2019 में वे भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन जनवरी 2022 में कांग्रेस में वापसी की। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें लोहरदगा से उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत दर्ज कर पहली बार लोकसभा में प्रवेश किया।अब छत्तीसगढ़ में उनके सामने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और आगामी चुनावों के लिए पार्टी को तैयार करने की चुनौती होगी। नए प्रभारी की नियुक्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सुखदेव भगत जल्द ही प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति और आगामी चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगे।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *