कोरबा में हसदेव नदी के एनीकट में 15 साल का किशोर बहा, तेज बहाव के बीच तलाश जारी

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल में हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह गया। हादसा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। किशोर की पहचान सूरज महंत के रूप में हुई है, जो सुरेश महंत का बेटा है।

बताया जा रहा है कि सूरज एनीकट में नहा रहा था, तभी अचानक वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बहते देखा और शोर मचाकर परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल और नगर सेना के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू की।

लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी उफान पर है और एनीकट में पानी का बहाव काफी तेज है। तेज धार के चलते गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किशोर बहाव के साथ आगे चला गया है।

घटना की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे हैं। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और बचाव दल लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और एनीकट से दूर रहने की अपील की है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *