युवक को चप्पल से पीटने वाली भाजपा नेत्री पद से हटाई गईं: महामाया मंदिर विवाद में 2 गिरफ्तार, 4 दुकानदारों को दुकानें हटाने का नोटिस

बिलासपुर के रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर में युवक की चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद भाजपा संगठन, मंदिर ट्रस्ट और पुलिस ने अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

22 अगस्त को मंदिर के गेट के पास पुराने चोरी के विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। इसी दौरान रतनपुर अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम ने एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रेहाना बेगम को जांच पूरी होने तक पद से मुक्त कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रेहाना बेगम के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

इधर महामाया मंदिर ट्रस्ट ने विवाद और सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में चार दुकानदारों को नोटिस जारी कर सात दिन में दुकानें हटाने के निर्देश दिए हैं। हिंदू संगठनों ने भी ट्रस्ट को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर की दुकानों को लेकर मांगें रखी हैं।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *