रक्षाबंधन की रात दुर्ग में युवक की हत्या: गाली-गलौज के विवाद में चाकू-पत्थर से हमला, दोस्तों के सामने तोड़ा दम

दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की देर रात गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर खाना खाकर लौट रहे तीन दोस्तों का रास्ते में कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद धन्ना सड़क पर गिर पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, धन्ना अपने दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर धन्ना ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन धारदार चाकू देखकर वे पीछे हट गए।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। धन्ना के दोस्तों ने उसे ई-रिक्शा की मदद से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई। पुलिस के अनुसार, हत्या में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *