भाजी नहीं बनाने पर पत्नी की हत्या: शव जलाकर आंगन में दफनाया, 3 महीने तक गुमशुदगी का नाटक; आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम कुमा निवासी देवानंद सिदार (39) ने कथित तौर पर भाजी की सब्जी नहीं बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी चमेली सिदार का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना 16 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव को घर के आंगन में जला दिया और हड्डियों के अवशेष गड्ढा खोदकर पत्थर के नीचे दबा दिए।

इसके बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के घर से बिना बताए चले जाने की झूठी कहानी बनाई और 28 अप्रैल को कापू थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मायके वालों और पुलिस को आरोपी पर संदेह हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने उसके घर के आंगन से जली हुई हड्डियां बरामद कीं। DNA जांच में अवशेषों की पहचान चमेली सिदार के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की। फरार आरोपी को तीन दिन की तलाश के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *