दुर्ग पुलिस लाइन में 135 पौधों का रोपण, ‘हरित दुर्ग’ का लिया संकल्प

दुर्ग। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में दुर्ग पुलिस एवं लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी ने संयुक्त पहल की। बुधवार को पुलिस लाइन दुर्ग के परेड ग्राउंड में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और लायंस क्लब के सदस्यों ने मिलकर कुल 135 पौधे लगाए।

कार्यक्रम में दुर्ग के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ PMJF लायन ज्ञान चंद पाटनी, लायन सुनील अग्रवाल, लायन स्नेहलता साहू, रक्षित निरीक्षक दुर्ग नीलकंठ वर्मा समेत पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी और लायंस क्लब के सदस्य मौजूद रहे।

135 पौधे लगाए, संरक्षण का लिया संकल्प

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान सभी ने उत्साह के साथ पौधे लगाए। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया। पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ पौधरोपण करना नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है।

हरित क्षेत्र बढ़ाने पर जोर

दुर्ग पुलिस ने बताया कि पुलिस लाइन परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ आम नागरिकों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

नागरिकों से पौधरोपण की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। ‘हरित दुर्ग’ के संकल्प के साथ आयोजित इस पहल से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *