मैत्री डेंटल कॉलेज में दुर्ग पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, ठगी से बचाव के साथ महिला सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश

दुर्ग। छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत दुर्ग पुलिस ने मैत्री डेंटल कॉलेज, अंजोरा में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य “संकल्प—साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय ठगी, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय सहित पुलिस अधिकारियों ने OTP, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी। अनजान APK फाइल, संदिग्ध लिंक और अनजान WhatsApp वीडियो कॉल से सावधान रहने की अपील भी की गई।

पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। कार्यक्रम में “मैं जागरूक हूँ, साइबर क्राइम से मुक्त हूँ” संदेश के साथ सेल्फी बोर्ड भी लगाया गया।

युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए नशामुक्ति हेल्पलाइन 1933 की जानकारी दी गई। वहीं महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए कराटे एवं विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ममता देवांगन, एसडीओपी धमधा चित्रा वर्मा, डीएसपी यातायात विशाल सोन, साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *