कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत: शव सड़क पर रखकर 2 घंटे चक्काजाम; मुआवजे की मांग, ड्राइवर फरार

कोरबा के बांकीमोंगरा में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चांदनी चौक के पास रात करीब 8 बजे हुआ। रोंगा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई।

बाइक पर अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल सवार थे। हादसे में सूरजभान ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज पटेल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने दोनों शव सड़क पर रखकर रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारी ट्रेलर चालक पर कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

सूचना पर नायब तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *