जुए के विवाद में युवक की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव! 4 हिरासत में

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव में रेलवे ट्रैक किनारे 19 वर्षीय युवक प्रीतम साहू की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। शुरुआत में पुलिस और स्थानीय लोगों को यह घटना ट्रेन हादसा लगी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर हत्या का शक गहराता गया।अशोक नगर निवासी प्रीतम साहू नड्डा बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। सोमवार को गोगांव अंडरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक किनारे उसका शव मिला। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की हालत देखकर इसे ट्रेन हादसा समझकर पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो युवक का एक पैर कटा हुआ था और कपड़ों पर खून लगा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को जानकारी दी गई।इसके बाद पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि प्रीतम को आखिरी बार रेलवे ट्रैक के पास कुछ युवकों के साथ जुआ खेलते हुए देखा गया था। इसी दौरान हार-जीत के पैसों को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई।पुलिस को आशंका है कि पैसों को लेकर विवाद बढ़ने के बाद प्रीतम पर चाकू से हमला किया गया। आरोप है कि हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के किनारे इस तरह छोड़ा गया, जिससे मामला ट्रेन हादसा दिखाई दे।मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और वारदात की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है।इस घटना के बीच रायपुर में बढ़ती हत्या की घटनाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अगस्त के शुरुआती 15 दिनों में शहर में 9 हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 6 मामले प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद बताए जा रहे हैं।इस महीने खमतराई और मुजगहन थाना क्षेत्र में दो-दो हत्याएं, जबकि अभनपुर, सरस्वती नगर, गंज, आमानाका और गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक-एक हत्या की घटना सामने आई है।पिछले साढ़े पांच साल में रायपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण क्षेत्र में हत्या के 409 मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।फिलहाल गुढ़ियारी पुलिस हिरासत में लिए गए चारों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।इस पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि प्रीतम की हत्या किसने और किस परिस्थिति में की और रेलवे ट्रैक पर शव रखने के पीछे आरोपियों की वास्तविक मंशा क्या थी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *