शेयर ट्रेडिंग में 45 लाख की ठगी! BS‌P के रिटायर्ड कर्मी को मुनाफे का झांसा, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई नगर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी से 45 लाख 18 हजार 998 रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने निवेश के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करवाई थी।

भिलाई नगर क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी जयंत बागची ने 10 मार्च को फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को निवेश और ऑनलाइन ट्रेडिंग संस्था का प्रतिनिधि बताया और शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच दिया।

इसके बाद पीड़ित से पंजीयन शुल्क, ट्रेडिंग निवेश, मार्जिन राशि, क्रॉस बॉर्डर ट्रांजेक्शन और टैक्स सहित अलग-अलग मदों के नाम पर बैंक खातों में कुल 45,18,998 रुपए जमा कराए गए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।

पैसे वापस मांगने पर ठगों ने नए-नए शुल्क बताकर और रकम की मांग शुरू कर दी। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के बाद पुलिस ने विशाल नागले (24), निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से बैंक चेकबुक, आधार कार्ड और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *