धमतरी ट्रिपल मर्डर: उम्रकैद के फैसले पर भड़के परिजन, कोर्ट के बाहर आरोपियों पर फेंके जूते-पत्थर

छत्तीसगढ़ के धमतरी में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में कोर्ट ने पांच बालिग आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मोहन सिंह कोर्राम की अदालत के इस फैसले से मृतकों के परिजन नाराज हो गए। कोर्ट से बाहर निकलते समय गुस्साए परिजनों ने आरोपियों पर जूते-चप्पल और पत्थर फेंके। परिजनों ने कहा कि तीन युवकों की हत्या करने वाले आरोपियों को उम्रकैद नहीं, बल्कि फांसी की सजा मिलनी चाहिए थी। उन्होंने फैसले के खिलाफ आगे अपील करने की बात कही है।

मामला 11 अगस्त 2025 की रात अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबे के पास का है। कार से घूमने निकले पांच युवक ढाबे पर रुके थे। वहां पहले से कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। युवकों के रोकने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी गोपी दीवान ने चाकू से आलोक सिंह ठाकुर, नितिन तांडी और सुरेश निहाल पर हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई।

इस मामले में पांच बालिग और तीन नाबालिग आरोपी शामिल थे। पांचों बालिग आरोपियों को उम्रकैद के साथ अन्य धाराओं में भी सजा सुनाई गई है। अभियोजन पक्ष ने फांसी की मांग की थी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *