रायपुर में 1.20 करोड़ का गांजा जब्त: मशीनों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 191.525 किलो गांजा, बाप-बेटे गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए कीमत का मशरुका जब्त किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम सर्विस रोड पर नाकेबंदी कर एक अशोक लीलैंड ट्रक को पकड़ा गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से नागपुर की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है।

ट्रक की शुरुआती तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला क्योंकि उसमें भारी मशीनें लोड थीं। लेकिन गहन जांच के दौरान मशीनों के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई सात बोरियों से 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक मोहम्मद लाल (36) और उसके बेटे मोहम्मद रूस्तम (19) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिछले कई वर्षों से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की आड़ में गांजे की तस्करी कर रहे थे। पुलिस पिछले एक महीने से तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए इस नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 5.22 करोड़ रुपए से अधिक के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *