एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी, 12 घायल: यात्री बोला- 2-3 मिनट तक जोरदार झटके लगे, कई के पैर-कंधे में चोट

थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस में फंस गई। झटकों के कारण विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट के दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करने के बाद 12 यात्रियों और क्रू मेंबर्स के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में इलाज के लिए भेजा गया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।

फ्लाइट में मौजूद एक यात्री के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक विमान जोर-जोर से हिलने लगा। यात्री ने दावा किया कि करीब 2-3 मिनट तक बेहद तेज झटके महसूस हुए। उस समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। कुछ यात्रियों के पैर और कंधे में चोट आने की बात कही गई है।

घटना के बाद फ्लाइट की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें सीलिंग पैनल में दरारें दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इन तस्वीरों और नुकसान की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

टर्बुलेंस के दौरान विमान में अचानक ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं झटके लग सकते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक आधुनिक विमान और सुरक्षा प्रणालियां ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए डिजाइन की जाती हैं। घटना की जांच जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *