10 करोड़ की ठगी का खुलासा: छात्रों-प्रोफेसरों के नाम पर लोन, CIBIL सुधारने और EMI भरने का झांसा; 600 से ज्यादा लोग गिरोह के शिकार

दुर्ग जिले में CIBIL स्कोर सुधारने और हर फाइनेंस पर कमीशन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने 31 छात्रों से 34.13 लाख रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है, जबकि पीड़ितों का दावा है कि दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर और बालोद सहित कई जिलों के 600 से अधिक छात्र, प्रोफेसर और बेरोजगार युवक इस गिरोह का शिकार हुए हैं। ठगी की कुल राशि 10 करोड़ रुपए से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अनिरुद्ध सिंह, ऋषभ शर्मा, दीपेश जोशी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।

आरोप है कि गिरोह युवाओं को अच्छा CIBIL स्कोर बनाने, हर फाइनेंस पर 2 से 3 हजार रुपए कमीशन देने और सभी EMI स्वयं भरने का भरोसा देता था। इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक दस्तावेज लेकर उनके नाम पर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान और पर्सनल लोन फाइनेंस कराए जाते थे। शुरुआती कुछ महीनों तक EMI भरने के बाद आरोपियों ने किश्तें बंद कर दीं। पुलिस जांच में एक आरोपी के कई बैंक खातों में करीब 1.84 करोड़ रुपए के लेन-देन का पता चला है। मामले में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों और फाइनेंस कंपनियों के कुछ कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *