रातभर तेंदुए का खौफ, सुबह बरामदे में मिला शव: 2 ग्रामीणों पर हमला करने वाली मादा तेंदुआ की रहस्यमयी मौत, वन विभाग जांच में जुटा

धमतरी जिले के कर्राघाटी गांव में 31 जुलाई की देर रात एक मादा तेंदुए ने दो ग्रामीणों पर हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। तेंदुआ पहले गांधी राम के घर में घुसा और हमला किया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वह वहां से भागकर करीब 500 मीटर दूर अंजोर सिंह के घर में जा छिपा। रातभर ग्रामीण अपने-अपने घरों में बंद रहे और पूरे गांव में भय का माहौल बना रहा।

शनिवार सुबह जब अंजोर सिंह का परिवार वापस घर पहुंचा तो बरामदे में उसी मादा तेंदुए का शव पड़ा मिला। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के सिर पर अंदरूनी चोट और एक दांत क्षतिग्रस्त मिलने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों का मानना है कि ग्रामीणों और तेंदुए के बीच संघर्ष के दौरान यह चोट लगी हो सकती है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि मामले में वन्यजीव अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। घायल दोनों ग्रामीणों का इलाज नगरी सिविल अस्पताल में जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *