भिलाई में छात्रा से छेड़छाड़: चाय पी रही युवती का गला पकड़ जबरन किया किस, विरोध पर सहेली से मारपीट; CCTV में कैद घटना, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सुपेला थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे युवक ने अचानक उसका गला पकड़ लिया और जबरन गाल पर किस कर दिया। विरोध करने पर छात्रा कुर्सी से नीचे गिर गई। इस दौरान आरोपी ने बीच-बचाव करने आई छात्रा की सहेली के साथ भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।

पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले के डौंडी की रहने वाली है और भिलाई के स्मृति नगर में रहकर पढ़ाई करती है। घटना 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। पूरा घटनाक्रम पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने का प्रयास करने लगा। बाद में पीड़िता ने स्मृति नगर चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *