मूंछ पर ताव देने के विवाद में युवक की हत्या: पिता-बेटे ने लोहे के पाइप से पीटा, शरीर में मिले 20 से ज्यादा फ्रैक्चर

छत्तीसगढ़ के बलोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खैरा में पुरानी रंजिश और कथित तौर पर मूंछ पर ताव देने को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस के अनुसार, हितेश सिन्हा (30) पर गांव के ही हीरामन सिन्हा और उसके बेटे कामेंद्र सिन्हा ने लोहे के पाइप से हमला किया। आरोप है कि पहले आरोपियों ने बाइक को टक्कर मारकर हितेश और उसके साथियों को सड़क पर गिराया, फिर लोहे की पाइप से लगातार हमला कर उसके हाथ-पैर गंभीर रूप से घायल कर दिए। प्रारंभिक जांच में शरीर पर 20 से अधिक फ्रैक्चर मिलने की बात सामने आई है।

गंभीर रूप से घायल हितेश को पहले देवरी अस्पताल और फिर रायपुर रेफर किया गया, जहां करीब 18 घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2022 से विवाद चल रहा था और दोनों पक्षों की ओर से पहले भी कई एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी थीं।

पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई। आरोपी पिता और बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *