BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल: यूपी में खड़े ट्रक से टकराई कार, कमर में चोट, हालत खतरे से बाहर

ललितपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर तालबेहट क्षेत्र के पास हुआ, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम, ओरछा के राजा राम मंदिर और दतिया की मां पीतांबरा पीठ के दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे। वापसी के दौरान दोपहर में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तालबेहट के पास हाईवे पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। टक्कर से बचने के प्रयास में किरण सिंह देव के वाहन चालक ने कार को मोड़ दिया, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे की ओर जा टकराया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी।

कमर में चोट, फ्रैक्चर नहीं

हादसे में किरण सिंह देव को कमर और कूल्हे में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। उन्हें चलने-फिरने में तकलीफ हो रही है, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।

झांसी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने सीटी स्कैन सहित कई जरूरी जांचें कराई हैं। उनकी निगरानी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है।

परिवार सुरक्षित, अन्य को मामूली चोटें

हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। वाहन में मौजूद पीएसओ, निजी सहायक (पीए) और चालक को हल्की चोटें आई हैं। किरण सिंह देव के काफिले में शामिल अन्य सभी वाहन भी सुरक्षित बताए गए हैं।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में

हादसे की जानकारी मिलते ही ललितपुर जिला प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई। जिलाधिकारी (DM), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही इलाज

महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि किरण सिंह देव के शरीर पर बाहरी चोटें नहीं हैं, लेकिन कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। उनके इलाज के लिए मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोसर्जरी और कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाई गई है।

जांच के दौरान उनका ब्लड शुगर लेवल भी सामान्य से अधिक पाया गया, जिसके बाद उन्हें आवश्यक दवाएं और दर्द निवारक उपचार दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में चिंता, जल्द स्वस्थ होने की कामना

हादसे की खबर सामने आते ही छत्तीसगढ़ सहित देशभर के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पार्टी नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में लौटने की उम्मीद जताई है।

फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *