रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आग: AC फटने की आशंका, मरीजों को ICU में किया शिफ्ट; दमकल ने पाया काबू

राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के मेडिसिन विभाग स्थित इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग लगने के बाद पूरे इमरजेंसी वार्ड और आसपास के हिस्से में धुआं भर गया, जिसके चलते मरीजों और उनके परिजनों को तत्काल सुरक्षित स्थानों और ICU में शिफ्ट किया गया।

अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में इमरजेंसी वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (AC) के फटने या उसमें तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

अग्निशमन अधिकारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है। एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है और तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *