रायपुर में कारोबारी के घर 70 लाख की चोरी: 12 दिन पहले रखा कुक निकला मास्टरमाइंड, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में एक कोयला कारोबारी के घर से करीब 70 लाख रुपए की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि 12 दिन पहले घर में खाना बनाने के लिए रखा गया कुक निकला।

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ निजी काम से नया रायपुर गए थे। इसी दौरान घर में मौजूद कुक महेंद्र कुमार यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर बेडरूम की अलमारी का लॉक पेचकस से तोड़ा और 51.50 लाख रुपए नकद सहित लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गया।

शाम को परिवार के लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट और बेडरूम खुला था। जांच में नकदी, सोने के कंगन, हार, झुमके, गिन्नियां, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान गायब मिला। घटना के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।

पंडरी पुलिस ने फोरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तेजी से जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब चोरी की पूरी रकम और जेवरों की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *