भिलाई में नशे के कारोबार पर बड़ा एक्शन: गांजा और अल्प्राजोलम बेचने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, हॉस्टल और खंडहर से चल रहा था धंधा

भिलाई में नशे के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुर्सीपार और छावनी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 514 ग्राम गांजा, 500 अल्प्राजोलम की नशीली टैबलेट और बिक्री से मिली नकदी जब्त की है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पहली कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र के आईटीआई बॉयज हॉस्टल के पास की गई, जहां चार आरोपी खुलेआम गांजा बेचते हुए पकड़े गए। पुलिस ने उनके पास से करीब ₹1.51 लाख मूल्य का गांजा और नकदी बरामद की। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का इलाके में जुलूस भी निकाला।

दूसरी कार्रवाई छावनी थाना क्षेत्र में जीई रोड स्थित हीरो शोरूम के पीछे खंडहर परिसर में की गई। यहां तीन आरोपी प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बेचते हुए गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब ₹2 लाख मूल्य की नशीली दवाइयां और नकदी जब्त की। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *