दुर्ग में प्रॉपर्टी डीलर को जान से मारने की धमकी: जमीन दलाली के विवाद में पिता-पुत्र पर FIR, फोन पर दी गालियां

दुर्ग जिले के कुरूद क्षेत्र में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर ने जमीन दलाली के पैसों को लेकर पिता-पुत्र और उनके एक साथी पर गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता, जो सुंदर विहार कॉलोनी फेस-1 कुरूद का निवासी है, ने पुलिस को बताया कि वह कई वर्षों से जमीन की खरीदी-बिक्री और दलाली का कार्य करता है। वर्ष 2024 में उसकी पहचान आशीष प्रधान और उसके पिता कीर्तीचंद से हुई थी। इसके बाद तीनों के बीच जमीन से जुड़े कई सौदे भी हुए।

पीड़ित के अनुसार, 25 जुलाई की सुबह करीब 9:47 बजे कीर्तीचंद ने उसके मोबाइल पर फोन किया। उस समय उसके दो परिचित भी घर पर मौजूद थे, इसलिए बातचीत स्पीकर पर हुई। आरोप है कि फोन पर कीर्तीचंद ने जमीन दलाली के पैसों को लेकर अश्लील गालियां दीं और शहर छोड़ने की धमकी देते हुए कहा कि यदि वह नहीं गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ देर बाद करीब 10:15 बजे आशीष प्रधान ने भी फोन कर अपने साथी असलम शेख के साथ मिलकर दोबारा गाली-गलौज की और धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है। अब कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल बातचीत और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *