दुर्ग में पुजारी के घर चोरी की कोशिश: परिवार के लौटते ही छत से भागा आरोपी, लोगों ने पीछा कर पकड़कर पुलिस को सौंपा

दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में स्थित बजरंग चौक में एक मंदिर के पुजारी के घर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। श्री राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी अकांशु मिश्रा अपने परिवार के साथ शुक्रवार रात भोजन करने बाहर गए थे। रात करीब 11:30 बजे जब पूरा परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और घर की लाइट जल रही थी। अंदर प्रवेश करते ही एक युवक तेजी से छत की ओर भागता दिखाई दिया।

परिवार ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी दीवार फांदकर भागने लगा। "चोर-चोर" की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सन्नी देशमुख (33) निवासी मिलपारा, दुर्ग बताया। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलगांव पुलिस के हवाले कर दिया।

शिकायतकर्ता अकांशु मिश्रा ने बताया कि यही युवक पहले भी उनके घर में चोरी की कोशिश कर चुका है। उस समय मोहल्ले के लोगों के समझाने पर पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी, लेकिन दोबारा घटना होने पर उन्होंने इस बार एफआईआर दर्ज कराई है।

घटना के समय घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने भी आरोपी को घर से भागते देखा। पुलगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *