दुर्ग में डॉक्टर पर पॉक्सो केस: मेडिकल जांच के दौरान 10वीं के छात्र से अश्लील हरकत का आरोप, एडॉप्शन सेंटर संचालक गिरफ्तार; कलेक्टर ने जांच और पंजीयन रद्द करने के दिए निर्देश

दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक आयुर्वेद डॉक्टर पर मेडिकल जांच के दौरान 10वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर सुधीर हिसीकर (61) के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 24 जुलाई की है। छात्र अपने मित्र का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बोरसी स्थित सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर पहुंचा था। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने अनुचित तरीके से उसे छुआ और गले लगाया। छात्र घर पहुंचने के बाद परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी डॉक्टर आयुर्वेद चिकित्सक होने के साथ-साथ सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर का संचालन भी करता है। घटना सामने आने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग को सेंटर की विस्तृत जांच करने तथा उसका पंजीयन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन अब यह भी जांच करेगा कि एडॉप्शन सेंटर का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा था या नहीं। जानकारी के अनुसार, इस सेंटर से अब तक 12 से अधिक बच्चों को गोद दिया जा चुका है, जिनमें कुछ बच्चों को विदेशी परिवारों ने भी अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *