NEET छात्र आंदोलन के समर्थन में भिलाई में कांग्रेस का प्रदर्शन, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

भिलाई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले 34 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को भिलाई के सेक्टर-2 चौक पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 द्वारा एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 के अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र आंदोलन को पुलिस बल के माध्यम से दबाने का प्रयास किया गया, जिसमें प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया गया। इसके विरोध में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा छात्र आंदोलन के समर्थन का निर्णय लिए जाने के बाद प्रदेशभर में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


इसी क्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर तथा भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के निर्देश पर सेक्टर-2 चौक में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें रखीं—


 केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।

 NEET सहित विभिन्न परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा। नई दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर एवं आपराधिक मामलों को वापस लिया जाए।


कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र परगनिया, पार्षद राजेश चौधरी, पार्षद सुरेश वर्मा, ख्वाजा अहमद, आशीष यादव, अभिषेक अवस्थी, आकाश यादव, फतेह सिंह, जसबीर, रोशन रिजवी, केतन तिवारी, निक्कू चौबे, इमरान, तुषार, नवीन दयाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़ी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *