सूरजपुर में पुलिस टीम पर ग्रामीणों का पथराव, DSP समेत 24 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल; भूमि अधिग्रहण विवाद ने लिया हिंसक रूप

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में एसईसीएल (SECL) की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मुआवजा नहीं बल्कि जमीन के बदले जमीन दी जाए। इसी विवाद के चलते कुछ दिन पहले सर्वे के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था।

उसी मामले में कार्रवाई करते हुए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी। कार्रवाई का विरोध करने बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। पथराव में कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सूरजपुर के साथ आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *