दंतेवाड़ा में पूर्व सरपंच ने दूसरी पत्नी की गला काटकर हत्या की, अफेयर के शक में वारदात; 6 दिन बाद सड़ी हालत में मिला शव

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गोंदपाल गांव के रहने वाले पूर्व सरपंच लक्ष्मण कुंजाम पर अपनी दूसरी पत्नी झुमकी कुंजाम (35) की निर्मम हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी को लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

बताया जा रहा है कि 17 जुलाई को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। उस समय आरोपी शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया और गला काटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के पीछे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

करीब छह दिनों तक शव वहीं पड़ा रहा। शव सड़ने से दुर्गंध फैलने लगी और उसमें कीड़े पड़ गए। बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में संदेह पति पर गया क्योंकि वह घटना के बाद से गांव से गायब था। पुलिस ने तलाश के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मण कुंजाम की पहली पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जिससे उसके चार बच्चे हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने झुमकी कुंजाम से दूसरी शादी की थी। घटना के समय बच्चे घर में मौजूद नहीं थे। महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *