रायपुर में 26 जुलाई को भव्य कारगिल विजय दिवस समारोह: 25 को शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि, बाइक रैली निकलेगी; शहीद परिवारों और कारगिल योद्धाओं का होगा सम्मान

रायपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला इकाई द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे आकाशवाणी चौक में वीर चक्र से सम्मानित शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। श्रद्धांजलि सभा के बाद एक भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली आकाशवाणी चौक से कलेक्ट्रेट चौक, मोती बाग, कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक, संतोषी नगर और बोरिया खुर्द होते हुए मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल पहुंचेगी। रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और नागरिक शामिल होंगे।

मुख्य समारोह 26 जुलाई को कांदुल स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही शहीद परिवारों और कारगिल युद्ध के वीर योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कविता पाठ और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विशेष आयोजन भी होंगे।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से दोनों दिन आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *