बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। यह हादसा वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 10 BH 7752 वेयरहाउस रोड की ओर तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस CG 10 NB 8858 से जा भिड़ी। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि बस में सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।घायल छात्र की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (16) निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि कार एक नाबालिग चला रहा था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा वाहन के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में नाबालिग के वाहन चलाने की पुष्टि होती है, तो वाहन मालिक समेत जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Your email address will not be published. Required fields are marked *