कोरबा में खूनी संघर्ष! 50 से ज्यादा युवक घर में घुसे, युवती से भी मारपीट

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस कॉलोनी में 50 से अधिक युवकों द्वारा कथित तौर पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 15 ब्लॉक और पंप हाउस कॉलोनी के युवकों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बड़ी संख्या में युवक कथित तौर पर हथियारों के साथ कॉलोनी पहुंचे और हरीश राव तथा उसके साथियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर भी लोगों के साथ मारपीट की और जमकर उत्पात मचाया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ समय पहले स्कूल के पास लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी पुराने विवाद के चलते पहले भी मारपीट हो चुकी थी और अब एक बार फिर हिंसक घटना सामने आई है। इस हमले में एक युवती के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *