वायनाड में लैंडस्लाइड, 1 की मौत; टनल निर्माण का मलबा सड़क पर आया: कई लोगों के दबे होने की आशंका, NDRF रेस्क्यू में जुटी

केरल के वायनाड जिले में मंगलवार दोपहर तेज बारिश के बीच बड़ा लैंडस्लाइड हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुई, जहां मलप्पुरम-वायनाड टनल प्रोजेक्ट के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस, NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, टनल निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी और मलबा सड़क किनारे जमा किया गया था। लगातार बारिश के कारण यह मलबा खिसककर सड़क पर आ गया। इससे आसपास के पेड़ उखड़ गए और सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड भी बह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबा काफी भारी है, इसलिए फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़ी मशीनों की जरूरत पड़ेगी। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते सोमवार से ही टनल निर्माण का काम रोक दिया गया था।

मलप्पुरम-वायनाड टनल प्रोजेक्ट के तहत मलप्पुरम और वायनाड को सुरंग के जरिए जोड़ने की योजना है। प्रस्तावित टनल की लंबाई करीब 8.17 किलोमीटर बताई जा रही है, जबकि परियोजना की लागत लगभग 2100 से 2200 करोड़ रुपए है।

वायनाड भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील इलाका माना जाता है। यह केरल के उत्तर-पूर्व में स्थित राज्य का एकमात्र पठारी क्षेत्र है। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की 2021 की रिपोर्ट के अनुसार, केरल का 43% इलाका लैंडस्लाइड प्रभावित है, जबकि वायनाड की 51% जमीन पहाड़ी ढलानों पर स्थित है। यही वजह है कि मानसून के दौरान यहां भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ जाता है। पिछले साल 2024 में भी वायनाड में भारी लैंडस्लाइड ने 400 से ज्यादा लोगों की जान ले ली थी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *