अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ: पहले दिन 9 हजार श्रद्धालु करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन, 'बम-बम भोले' से गूंजा कश्मीर

श्रीनगर। बाबा अमरनाथ की पवित्र वार्षिक यात्रा गुरुवार से श्रद्धा, आस्था और उत्साह के माहौल में शुरू हो गई। पहले ही दिन करीब 9 हजार श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए बालटाल और पहलगाम मार्ग से पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। पूरे कश्मीर में श्रद्धालुओं के 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

यात्रा के लिए जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच घाटी के लिए रवाना किया गया। प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस, सीआरपीएफ, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर हर 2 किलोमीटर की दूरी पर ऑक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, मेडिकल टीमें, पेयजल और विश्राम की भी समुचित व्यवस्था की गई है। बालटाल मार्ग पर बारिश और खराब मौसम से बचाव के लिए 12 स्थानों पर वाटरप्रूफ डोम बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने, पंजीकरण के बाद ही यात्रा करने और स्वास्थ्य संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है। कड़ी सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया गया है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *