दुर्ग पुलिस के 7 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त: SSP कार्यालय में विदाई समारोह, 35 से 45 साल की सेवाओं को किया गया सम्मानित

दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय में सोमवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे 7 अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 35 से 45 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में पुलिस अधिकारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारजन भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिजनों का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर की गई। इसके बाद उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान माहौल भावुक रहा और कई कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पुलिस सेवा के दौरान अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और जिम्मेदारियों से जुड़े संस्मरण सुनाए।

विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया तथा उनका योगदान विभाग हमेशा याद रखेगा। सेवानिवृत्त होने वालों में उप निरीक्षक शिवनारायण सिंह, उप निरीक्षक दीनदयाल वर्मा, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सोनी, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार दीवान, प्रधान आरक्षक नंद कुमार सिंह, लवण सिंह और यदुलाल पाटिल शामिल हैं। समारोह के अंत में सभी के स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की गई।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *