बिलासपुर में पिकअप से 2 युवकों को कुचलने की कोशिश: गाड़ी से उतरते ही पाइप-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुरानी रंजिश में 5 गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पहले तेज रफ्तार पिकअप वाहन से दोनों युवकों को कुचलने की कोशिश की। टक्कर मारने के बाद आरोपी वाहन से उतरे और पाइप, डंडों व बल्ली से लैस होकर दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार लिंगियाडीह निवासी निखिल ध्रुव ने पुलिस को बताया कि 26 जून की रात करीब 11 बजे उसके दोस्त आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास दिलीप पाटिल के घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से तेज रफ्तार पिकअप पहुंची और दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही वाहन से उतरे बांडया, बऊवा और उनके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और पाइप व डंडों से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर बाद अमन नायडू भी कार से मौके पर पहुंचा और उसने भी अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की जमकर पिटाई की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल युवकों को उनके दोस्तों ने तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 8 से 10 युवक पाइप और लाठी-डंडों के साथ हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने बांडया, बऊवा, अमन नायडू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक नाबालिग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *