बिलासपुर में 6.25 लाख का गांजा जब्त: पुलिस से बचने 5 साल के बच्चे को बनाया ढाल, 2 महिलाएं समेत 3 तस्कर गिरफ्तार


बिलासपुर में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12.405 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 6.25 लाख रुपए बताई जा रही है, बरामद किया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और शक से बचने के लिए अपने साथ एक 5 साल के मासूम बच्चे को रखा हुआ था। पुलिस को पहले से ही आरोपियों की गतिविधियों और उनके साथ बच्चे के होने की सूचना मिल चुकी थी, जिसके आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उसलापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास दो महिलाएं और एक पुरुष आसमानी रंग का ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर तीनों आरोपियों को घेर लिया। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में पैक गांजे के 11 पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर कुल 12.405 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41), निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा), नेहा सिंह (34) और अर्चना सिंह (27), निवासी जांजगीर-चांपा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, आरोपियों के साथ मिले 5 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित रखते हुए बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *