जांजगीर-चांपा में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला : मौके पर मौत, CCTV से आरोपी की तलाश

मॉर्निंग वॉक बनी आखिरी सफर

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाली भारतमाला रोड पर हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रहे तीन बुजुर्गों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

तीनों की मौके पर ही मौत, गांव में पसरा मातम

जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) रोज की तरह सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान भारतमाला रोड पर तेज रफ्तार से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर शव बिखरे पड़े रहे, जिसे देखकर मौके पर पहुंचे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी

हादसे के बाद फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान हो सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी भारतमाला रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *