मुहर्रम पर रायपुर में निकला मातमी जुलूस: ‘या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर, जीई रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट; रात तक करबला तालाब पहुंचेगा जुलूस

रायपुर में मुहर्रम के अवसर पर हज़रत इमाम हुसैन की शहादत की याद में यौमे आशूरा पर शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों से ताजिया और मातमी जुलूस निकाले गए। "या हुसैन" के नारों और मातमी धुनों के बीच बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरे दिन अलर्ट मोड पर रही।

मुख्य मातमी जुलूस मोमिनपारा स्थित हैदरी मस्जिद से शाम करीब 4 बजे रवाना हुआ। जुलूस में आकर्षक ताजिए, अलम और धार्मिक झांकियां शामिल रहीं। यह जुलूस मोमिनपारा, आज़ाद चौक, आमापारा और जीई रोड से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब पहुंचेगा, जहां रात करीब 10 बजे इसका समापन होगा। इसके अलावा राजातालाब, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर और टिकरापारा सहित कई इलाकों से भी ताजिया सवारी निकाली गई।

हैदरी मस्जिद में सुबह यौमे आशूरा की नमाज और धार्मिक आमाल अदा किए गए। नमाज-ए-जुमा के बाद मरसियाख्वानी का आयोजन हुआ, जबकि आज़ाद चौक में इमामे जुमा मौलाना अल्हाज असगर मेहदी ने तकरीर की। करबला तालाब में शामे गरीबां की मजलिस का आयोजन होगा, जिसमें इलाहाबाद से आए मौलाना सैय्यद मोहम्मद अली गौहर खिताब करेंगे।

जुलूस को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक जुलूस मार्ग पर चरणबद्ध तरीके से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। नूरानी चौक, पंडरी बस स्टैंड, गुरुनानक चौक, राठौर चौक, मोमिनपारा, आज़ाद चौक, आमापारा और आरकेसी के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। जीई रोड से दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहनों को शास्त्री चौक, महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक और रिंग रोड-1 के वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। सिटी बसों का संचालन भी परिवर्तित मार्गों से किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *