उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान वैन ब्लास्ट: 3 गिरफ्तार, ATS और फोरेंसिक जांच में जुटी; 'ले, फिर आ गए' लिखने का मकसद खंगाल रही एजेंसियां

उज्जैन जिले के बड़नगर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान हवा में क्रेन से लटकाई गई वैन में हुए विस्फोट के मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) भी जांच में शामिल हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वैन और क्रेन को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 23 जून की रात अडान मोहल्ले से निकाले गए मुहर्रम जुलूस में एक टाटा मैजिक वैन को करीब 40 फीट ऊंचाई पर क्रेन से लटकाया गया था। वैन की छत पर दो युवक लाल झंडे लहराते दिखाई दिए। वाहन और जुलूस में शामिल कुछ तख्तियों पर 'ले, फिर आ गए' लिखा हुआ था। कुछ देर बाद वैन में तेज विस्फोट हुआ, जिससे उसके हिस्से नीचे भीड़भाड़ वाले इलाके में गिर गए। हालांकि घटना में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जांच तेज कर दी है।

मामले में शोएब, जाहिद और तपसील उर्फ तस्लीम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक शोएब ने जुलूस के लिए कबाड़ में खड़ी वैन को क्रेन से लटकाने की व्यवस्था की थी, जबकि जाहिद और तपसील विस्फोट से पहले तक वाहन की छत पर मौजूद थे। आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया है कि करीब 8 हजार रुपये के पटाखे खरीदकर वैन के भीतर रखे गए थे। पुलिस उनके द्वारा दिए गए बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में वैन के अंदर रॉकेट और सुतली बम जैसे पटाखों का इस्तेमाल सामने आया है। वाहन के शीशे बंद होने से गैस बनने और दबाव बढ़ने के कारण तेज धमाका हुआ। हालांकि विस्फोट का वास्तविक कारण फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट के पीछे असली उद्देश्य क्या था, वाहन पर लिखा संदेश क्यों लगाया गया था और इस्तेमाल की गई सामग्री कहां से लाई गई थी।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *