सुपेला में PDS चावल की तस्करी का खुलासा: 14 कट्टा सोसायटी चावल और मालवाहक वाहन जब्त, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। सुपेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से 14 कट्टा सोसायटी चावल जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मामले की विस्तृत जांच खाद्य विभाग के साथ समन्वय कर की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरकारी राशन दुकान यानी सोसायटी का चावल एक नीले रंग के मालवाहक टेम्पो में अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुपेला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और राजीव नगर ईमामबाड़ा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने बजाज मैक्सीमा मालवाहक वाहन क्रमांक CG 07 CV 2329 की तलाशी ली। वाहन में प्लास्टिक की बोरियों में भरा 14 कट्टा सोसायटी चावल पाया गया। पुलिस ने चालक से चावल के परिवहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध या संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।

इसके बाद पुलिस ने चालक और वाहन को थाना सुपेला लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी दी गई है। अब यह जांच की जा रही है कि चावल कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आरोपी की पहचान सन्नी साव (28 वर्ष) निवासी पांच रास्ता, कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में की है। कार्रवाई के दौरान 14 कट्टा सोसायटी चावल और मालवाहक बजाज मैक्सीमा वाहन को जब्त किया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक सुरेन्द्र पटेल, गम्भीर जाट तथा चालक आरक्षक बसंत मरढ़ीया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पीडीएस खाद्यान्न के अवैध भंडारण, परिवहन या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Comments (0)

    Pls Add Data.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *